आज के इस पोस्ट में हमलोग कक्षा 6वीं इतिहास का पाठ ‘प्रथम साम्राज्य (मौर्य साम्राज्य)’ का नोट्स को देखने वाले है। Pratham Samrajya
| प्रथम साम्राज्य (मौर्य साम्राज्य) |
साम्राज्य = जब एक शक्तिशाली शासक बहुत बड़े क्षेत्र और अनेक राज्यों पर शासन करता है, तो उसे साम्राज्य कहते हैं।
लगभग 2300 वर्ष पहले चन्द्रगुप्त मौर्य ने मौर्य साम्राज्य की स्थापना की। और सम्राट अशोक, चन्द्रगुप्त मौर्य के पोते थे।
तक्षशिला उत्तर-पश्चिम से मध्य एशिया जाने-आने का प्रमुख मार्ग था। उज्जैन उत्तर भारत और दक्षिण भारत को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण नगर था। नगरों में व्यापारी, सरकारी अधिकारी और शिल्पकार रहते थे।
मौर्य साम्राज्य का मूल भाग पहले नंद साम्राज्य था, जिस पर चन्द्रगुप्त मौर्य ने अधिकार कर लिया। चन्द्रगुप्त मौर्य ने गंधार, कश्मीर, सौराष्ट्र और कर्नाटक तक अपना साम्राज्य बढ़ाया।
सम्राट अशोक ने कलिंग को जीतकर उसे भी मौर्य साम्राज्य में मिला लिया। कलिंग युद्ध के बाद अशोक ने युद्ध छोड़ दिया और जनकल्याण तथा शांति की नीति अपनाई।
राजा की सहायता के लिए अमात्य (उच्च अधिकारी) और मंत्री होते थे। और पुरोहित धार्मिक कार्यों में राजा की सहायता करते थे। कोषाध्यक्ष, राज्य के खजाने की देखभाल करता था। तथा समाहर्ता (राजस्व अधिकारी) कर (टैक्स) वसूल करता था। राज्य की मुख्य आय भूमि कर (भू-राजस्व) से होती थी।
प्रांत और गाँव का प्रशासन
मौर्य साम्राज्य को कई प्रांतों में बाँटा गया था। जैसे— मगध, तक्षशिला, उज्जैन और स्वर्णगिरी। सम्राट अशोक की राजधानी पाटलिपुत्र थी। प्रांतों पर शासन राजकुमार करते थे। प्रांतों को जिलों में बाँटा गया था। जिलों की देखभाल स्थानिक अधिकारी करते थे। गाँव का प्रशासन ग्रामिक (गाँव का मुखिया) करता था।
साम्राज्य का सबसे बड़ा न्यायाधीश सम्राट होता था। अशोक चाहता था कि न्यायाधीश दंड देने में उदार और न्यायपूर्ण रहें।
जनकल्याण के कार्य
अशोक ने मनुष्यों और पशुओं के लिए चिकित्सालय बनवाए।जहां गरीब लोगों का निःशुल्क इलाज होता था। और रोगियों को मुफ्त में दवाइयाँ भी दी जाती थीं।
अशोक ने सड़कों के किनारे पेड़ लगवाए, ताकि यात्रियों और पशुओं को छाया मिल सके।
जगह-जगह कुएँ खुदवाए गए। और यात्रियों की सुविधा के लिए उचित व्यवस्थाएँ करवाई गईं।
कलिंग युद्ध
आज के उड़ीसा (ओडिशा) राज्य को उस समय कलिंग कहा जाता था। सम्राट अशोक ने कलिंग पर आक्रमण किया। और कलिंग की हार हुई। युद्ध में हजारों सैनिक और आम लोग मारे गए। तथा अनेक महिलाएँ और बच्चे बेसहारा हो गए। युद्ध जीतने के बाद भी अशोक बहुत दुःखी हुए। उन्होंने समझा कि युद्ध से केवल दुःख और विनाश होता है। इसके बाद उन्होंने युद्ध छोड़कर शांति, धर्म और जनकल्याण का मार्ग अपनाया।
अशोक के शिलालेख
अशोक ने अपने संदेश पत्थरों और चट्टानों पर खुदवाए, जिन्हें शिलालेख कहा जाता है। अशोक के सबसे अधिक अभिलेख (शिलालेख) पत्थरों पर मिले हैं। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम के पास चंदन पीर पहाड़ी पर आज भी अशोक का शिलालेख मौजूद है।
अशोक ने अपने शिलालेख में लिखा कि राजा बनने के आठ वर्ष बाद उसने कलिंग युद्ध किया। अशोक का मानना था कि युद्ध से जीतने से अधिक अच्छी बात धर्म और अच्छे व्यवहार से लोगों का दिल जीतना है। उन्होंने यह संदेश इसलिए खुदवाया ताकि उनके पुत्र और पौत्र भी भविष्य में युद्ध न करें और शांति का मार्ग अपनाएँ।
अशोक का धम्म (धर्म)
- (i) अशोक ने लोगों के सामने धम्म नाम की एक अच्छी जीवन-पद्धति रखी।
- (ii) इसका उद्देश्य लोगों को शांतिपूर्ण, दयालु और अच्छे आचरण वाला बनाना था।
- (iii) ‘धम्म’ संस्कृत के ‘धर्म’ शब्द का प्राकृत रूप है।
- (iv) अशोक का धम्म किसी एक धर्म को मानने के बजाय अच्छे व्यवहार और मानवता पर जोर देता था।
- (v) इसमें देवी-देवताओं की पूजा, व्रत, उपवास या यज्ञ करने की बात नहीं थी।
- (vi) अशोक महात्मा बुद्ध की शिक्षाओं से बहुत प्रभावित थे।
- (vii) अशोक के धम्म में अहिंसा और दान को भी बहुत महत्व दिया गया।
अशोक के अभिलेख और लिपि
- (i) वर्तमान जहानाबाद जिले की बराबर पहाड़ी की तीन गुफाओं की दीवारों पर अशोक के लेख मिले हैं।
- (ii) इन लेखों में आजीवक संप्रदाय के साधुओं को रहने के लिए गुफाएँ दान देने की जानकारी मिलती है।
- (iii) अशोक की राजाज्ञाएँ अलग-अलग लिपियों में लिखी गई थीं।
- (iv) अधिकांश राजाज्ञाएँ ब्राह्मी लिपि में थीं।
- (v) 1837 ई. में जेम्स प्रिंसेप नामक अंग्रेज विद्वान ने पहली बार ब्राह्मी लिपि को पढ़ा।
अशोक ने अपने पुत्र महेंद्र और पुत्री संघमित्रा के नेतृत्व में एक दल श्रीलंका भेजा। ताकि अशोक का संदेश विदेश पहुंच सके।
अशोक के स्तंभ
- (i) अशोक की राजाज्ञाएँ चट्टानों के साथ-साथ बलुआ पत्थर के ऊँचे स्तंभों पर भी खुदी हुई हैं।
- (ii) इन स्तंभों पर बहुत अच्छी पॉलिश की गई थी।
- (iii) यह पॉलिश आज भी शीशे की तरह चमकती है।
- (iv) स्तंभों के ऊपर हाथी, साँड़ या सिंह की मूर्तियाँ बनाई जाती थीं।
सारनाथ का सिंह स्तंभ
- (i) सारनाथ के स्तंभ के शीर्ष पर चार सिंहों की मूर्तियाँ बनाई गई थीं।
- (ii) भारत के गणतंत्र बनने के बाद 26 जनवरी को इन्हीं चार सिंहों की आकृति को राष्ट्रीय चिह्न के रूप में अपनाया गया।
- (iii) चार सिंह एक-दूसरे की ओर पीठ किए हुए बैठे हैं।
- (iv) इनके नीचे गोलाकार फलक पर 24 तीलियों वाला अशोक चक्र बना है।
- (v) इसके नीचे हाथी, दौड़ता हुआ घोड़ा, साँड़ और सिंह की आकृतियाँ बनी हैं।
- (vi) राष्ट्रीय चिह्न के नीचे ‘सत्यमेव जयते’ लिखा है।
- (vii) सत्यमेव जयते का अर्थ है— “सत्य की ही विजय होती है।”
बिहार में अशोक के स्तंभ
- (i) बिहार के चम्पारण जिले में अरेराज के पास लौरिया-अरेराज स्तंभ स्थित है।
- (ii) रामपुरवा में भी अशोक के स्तंभ का एक हिस्सा सुरक्षित रखा गया है।
JOIN NOW
दोस्तों उम्मीद करता हूं कि ऊपर दिए गए कक्षा 6वीं के इतिहास के पाठ 09 प्रथम साम्राज्य (Pratham Samrajya) का नोट्स और उसका प्रश्न को पढ़कर आपको कैसा लगा, कॉमेंट करके जरूर बताएं। धन्यवाद !









